Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के अरगोड़ा चौक के पास स्थित एक बार में शनिवार रात हुए विवाद और मारपीट के बाद उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने रविवार को बार की जांच कर इसे सील कर दिया और संचालक वीरेन साहु को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
यह भी पढ़ें :झारखंड में आज खुलेगा पहला कॉमर्शियल फ्लाइंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, CM हेमंत सोरेन करेंगे शुभारंभ
विवाद और मारपीट की घटना
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात बार में कुछ ग्राहकों और डांस कर रही किन्नरों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। झड़प इतनी बढ़ गई कि कुछ किन्नरों को बाहर निकलकर सड़क पर प्रदर्शन करना पड़ा और जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज की जांच
सूचना मिलने पर रविवार शाम विभागीय टीम ने बार का निरीक्षण किया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की, जिसमें पाया गया कि बार प्रबंधन किन्नरों से डांस करवाता था और ग्राहकों को शराब परोसने के लिए उनका इस्तेमाल किया जाता था। जांच टीम में शामिल अधिकारी उत्पाद निरीक्षक संजय कुमार, रजनीश कुमार, प्रकाश मिश्रा, अवर निरीक्षक पंकज कुमार, श्वेता कुमारी जांच में कई अनियमितताएँ सामने आई हैं, जिनकी रिपोर्ट विभाग को सौंपी जाएगी और इसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
संचालक को नोटिस
बार संचालक वीरेन साहु को नोटिस भेजा गया है। उनसे पूछा गया है क्या किन्नरों से डांस करवाने की अनुमति विभाग से ली गई थी?, बार में उत्पन्न हुई विधि-व्यवस्था की समस्या के लिए कौन जिम्मेदार है?, संचालक को तीन दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।
आश्वासन पर किन्नरों को सड़क से हटाया गया
स्थिति बिगड़ने पर अरगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। किन्नरों को सड़क से हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन भीड़ के विरोध और उलझने के कारण पुलिस को कुछ देर के लिए हटना पड़ा। बाद में कार्रवाई के आश्वासन पर किन्नरों को सड़क से हटाया गया और यातायात सामान्य हुआ।
Reporter | Samachar Post