Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा साहू ने मंगलवार को बिरसानगर क्षेत्र के कई इलाकों का दौरा कर मोहरदा जलापूर्ति योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुगना कॉलोनी, रविदास बस्ती, मोची बस्ती और एम-टाइप क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने की प्रगति देखी और अधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी ली।
स्वच्छ पेयजल आपूर्ति जल्द शुरू होने की उम्मीद
विधायक साहू ने कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए कहा कि बहुत जल्द इन सभी बस्तियों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा, मोहरदा जलापूर्ति योजना के पूरा होने से बस्तीवासियों को स्वच्छ और सुगम जल की सुविधा मिलेगी, जिससे स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी समस्या खत्म होगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय विद्यालयों का भी दौरा किया, बच्चों से पढ़ाई की स्थिति और जरूरतों की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय नागरिकों की शिकायतें सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: रांची : बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार के नए जेलर बने लवकुश कुमार
10 लाख की लूट की घटना पर जताई नाराजगी
इस बीच, बिरसानगर जोन संख्या 11 में सोमवार को दिनदहाड़े 10 लाख रुपये की लूट की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना टाटा मोटर्स के वेंडर ए.के. सिंह के कार्यालय में हुई, जहां हथियार के बल पर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। विधायक पूर्णिमा साहू ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं प्रशासन की नाकामी को उजागर करती हैं। पुलिस की प्राथमिकता केवल हेलमेट चेकिंग तक सीमित रह गई है। अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो गया है।
अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग
विधायक साहू ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लूट की राशि की जब्ती की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस को पूरे शहर में विशेष मुहिम चलाकर सक्रियता बढ़ानी चाहिए, ताकि नागरिकों में प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हो और अपराधियों में कानून का डर कायम रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।