Samachar Post रिपोर्टर, बिहार: बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कोसी-सीमांचल क्षेत्र के दो जिलों में NDA प्रत्याशियों के समर्थन में दो चुनावी सभाएं करेंगे। पहली सभा सुबह 11 बजे सहरसा में होगी, जबकि दूसरी सभा दोपहर 1 बजे कटिहार के भसना मैदान में निर्धारित है। दोनों सभाओं में पीएम मोदी कुल 30 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे।
सहरसा में पहली सभा
सहरसा की सभा में प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मंच साझा करेंगे।
इस मंच पर सहरसा, मधेपुरा और सुपौल जिलों की 13 विधानसभा सीटों के NDA प्रत्याशी मौजूद रहेंगे। इनमें प्रमुख रूप से सोनबरसा, सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, आलमनगर, बिहारीगंज, सिंहेश्वर, मधेपुरा, सुपौल, पिपरा, निर्मली और त्रिवेणीगंज सीटें शामिल हैं। सभा स्थल पटेल मैदान में करीब 13 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं, जिनमें 500 सीटें VIP अतिथियों के लिए आरक्षित हैं। सुरक्षा के लिए मैदान और आसपास के क्षेत्रों को कई जोनों में बांटा गया है और ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
कटिहार में दूसरी सभा
सहरसा में जनसभा के बाद प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 1 बजे कटिहार पहुंचेंगे, जहां वे भसना मैदान में दूसरी बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। यहां मंच पर कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया जिले की सीटों के NDA प्रत्याशी मौजूद रहेंगे।सभा में कटिहार, कदवा, बलरामपुर, प्राणपुर, मनिहारी, बरारी, कोढ़ा, बहादुरगंज, ठाकुरगंज, कोचाधामन, अमौर, बैसी, कस्बा, बनमनखी, रुपौली, धमदाहा और पूर्णिया जैसी 17 विधानसभा सीटों के उम्मीदवार शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: वैशाली में भीषण सड़क हादसा: रॉन्ग साइड खड़े ट्रक से टकराई लग्जरी कार, तीन की मौत, चार घायल
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की विशेष तैयारी
कटिहार में लगभग 50 एकड़ क्षेत्र में डेढ़ लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने रूट डायवर्ट किया है और 300 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। शहर के प्रमुख चौराहों पर पोस्टर, बैनर और स्वागत द्वार लगाए गए हैं। भाजपा, जदयू और लोजपा कार्यकर्ताओं में प्रधानमंत्री की सभा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
Reporter | Samachar Post