Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :पलामू जिले में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने चैनपुर अंचल कार्यालय के बड़ा बाबू विनोद कुमार को गुरुवार सुबह 5500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्यालय खुलते ही हुई छापेमारी से पूरे अंचल परिसर में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा: जंगल में चल रहा था साइबर गैंग का ठिकाना, 6 अपराधी गिरफ्तार; फर्जी सिम-फोन सहित भारी सामान बरामद
दस्तावेज़ की नकल देने के नाम पर मांग रहा था रिश्वत
जानकारी के मुताबिक बड़ा बाबू दस्तावेज की नकल उपलब्ध कराने के बदले अवैध वसूली कर रहा था। इसकी शिकायत एक पीड़ित ने एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने गोपनीय जांच की और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने विनोद कुमार को 5500 रुपये दिए, एसीबी की टीम ने तुरंत पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
कार्यालय में छापेमारी, कई दस्तावेज ज़ब्त
गिरफ्तारी के बाद ACB टीम ने अंचल कार्यालय में तलाशी ली और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज ज़ब्त किए। कर्मचारियों में अफरातफरी रही और कई लोग मामले की जानकारी जुटाते नजर आए।
पूछताछ के बाद भेजा जाएगा न्यायिक हिरासत में
एसीबी अधिकारियों ने आरोपी को सिंगरा स्थित उसके आवास पर ले जाकर विस्तृत तलाशी ली। घर से मिले दस्तावेज और सामान को जांच के दायरे में रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के बाद विनोद कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एसीबी ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, और सरकारी दफ्तरों में सुविधा शुल्क मांगने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post