Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के शहरकोल मुख्य सड़क पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रात करीब 1 बजे एक तेज रफ्तार हाईवा (JH16G4937) ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बैठी 26 वर्षीय महिला शांति सोरेन की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद हाईवा चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।
मृतका किराये के घर में रहकर पढ़ाती थी बच्चों को
शांति सोरेन नगर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर में किराये के मकान में रहती थीं और वहां बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। उनका स्थायी निवास पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के शहरपुर गांव में है। घटना के बाद शांति सोरेन के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें: आयरन ओर से लदा डंपर ई-रिक्शा पर पलटा, दो की मौत, कई घायल
स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा, हाईवा तोड़ा
हादसे से नाराज़ स्थानीय लोगों ने मौके पर हाईवा का शीशा तोड़ दिया और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। उनका कहना है कि इस मार्ग की हालत बेहद खराब है, सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और हाईवा चालक तेज रफ्तार में वाहनों को चलाते हैं। लोगों ने बताया कि नो-एंट्री के बावजूद सड़क किनारे हाईवा की लंबी कतार अवैध रूप से खड़ी रहती है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं और आम लोगों को प्रतिदिन परेशानी उठानी पड़ती है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, शव भेजा अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया। हाईवा को जब्त कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।