Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार की सियासत के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार में फिर से हलचल मची है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के घर छोड़ने के बाद अब लालू की तीन और बेटियां पटना स्थित माता-पिता के घर को छोड़कर दिल्ली रवाना हो गई हैं।
यह भी पढ़ें :चतरा पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप, 1500 हाइवा मालिकों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी
रोहिणी आचार्य ने लगाए गंभीर आरोप
कुछ समय पहले रोहिणी आचार्य ने अपने भाई तेजस्वी यादव और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह राजनीति छोड़ रही हैं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि उन्हें संजय यादव और रमीज ने ऐसा करने को कहा था और सारा दोष उन्होंने अपने ऊपर ले लिया।
किडनी विवाद और वित्तीय आरोप
रोहिणी ने आगे खुलासा किया कि जिस किडनी को उन्होंने अपने पिता लालू यादव को दी थी, उसे उनके सामने ‘गंदी किडनी’ कहा गया। इसके अलावा, उन पर करोड़ों रुपये लेने और लोकसभा टिकट की मांग करने का भी आरोप लगाया गया। इस खुलासे के बाद परिवार में तनाव और बढ़ गया।
तेजप्रताप का समर्थन
रोहिणी के आरोपों के बाद उनके भाई तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा, हमारी बहन का जो अपमान करेगा, उसका अंजाम भयानक होगा। जो मेरी बहन के साथ हुआ, वह असहनीय है।
लालू परिवार में बढ़ता राजनीतिक और पारिवारिक कलह
राजद नेता तेजस्वी यादव इस समय पार्टी की करारी हार और घर के भीतर बढ़ते विवाद के बीच मुश्किल स्थिति में हैं। पहले तेजप्रताप और रोहिणी ने घर और पार्टी छोड़ा, और अब तीन अन्य बेटियां भी दिल्ली चली गई हैं। राजनीतिक और पारिवारिक कलह को देखते हुए लगता है कि लालू परिवार की स्थिति फिलहाल बेहद नाजुक है।
Reporter | Samachar Post