Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री एवं राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने सऊदी अरब में हुए भीषण बस हादसे में 42 भारतीयों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। सोमवार को पबिया पंचायत के लोकानिया गांव में एक सड़क शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दर्दनाक है। मंत्री ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों को इस मुश्किल समय में साहस देने की कामना की।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर: बाल मेले में बाल अधिकार कानून पर संगोष्ठी, विशेषज्ञों ने बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा पर जोर
उमरा के लिए मक्का जा रहे थे सभी भारतीय
डॉ. अंसारी ने बताया कि हादसे में मारे गए सभी लोग उमरा के लिए मक्का जा रहे थे। उन्होंने कहा कि मृतकों की आधिकारिक सूची अभी जारी नहीं हुई है, इसलिए यह पता नहीं चल पाया है कि उनमें झारखंड के लोग शामिल हैं या नहीं।
ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी- सड़क का शिलान्यास
मंत्री ने इस दौरान लोकानिया गांव में एक महत्वपूर्ण सड़क का शिलान्यास भी किया। उन्होंने बताया कि गांव के कांग्रेस कार्यकर्ता ओवीन दास लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे, लेकिन कुछ दिन पहले रांची में पैर फिसलने से उनका निधन हो गया। सड़क निर्माण की घोषणा कर मंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के आसपास के आदिवासी गांवों तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं थी, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी होती थी। अब यह परियोजना पूरी होने से आवागमन में सुविधा होगी।
फुटबॉल प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद मंत्री ने पास में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद उन्होंने किक मारकर खेल का शुभारंभ किया और युवाओं को खेल भावना बनाए रखने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, इरशाद उल हक अरसी, मुखिया मनोरथ मरांडी, मवासर नवाज, निशापति हांसदा समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
Reporter | Samachar Post