Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड पुलिस के इतिहास में नया अध्याय जुड़ गया है। 1994 बैच की IPS अधिकारी तदाशा मिश्रा राज्य की पहली महिला डीजीपी बन गई हैं। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर उनके नाम पर मुहर लगाई। वह शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगी और अगले आदेश तक अपने वर्तमान वेतनमान में ही कार्य करेंगी।
यह भी पढ़ें :BREAKING: चाईबासा के सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, कई घायल, हथियार बरामद
सिटी एसपी से डीजीपी तक का दमदार सफर
तदाशा मिश्रा का पुलिस सेवा में करियर बेहद प्रभावशाली और प्रेरणादायक रहा है। अविभाजित बिहार में उन्होंने रांची सिटी एसपी के रूप में अपनी पहचान बनाई। इसके बाद वे कई अहम पदों पर रहीं कमांडेंट (JAP–1 & JAP–2), एसपी, बोकारो एवं गिरिडीह, डीआईजी (कार्मिक), आईजी (मानवाधिकार, स्पेशल ब्रांच), आईजी, बोकारो रेंज, एडीजी, JAP, विशेष सचिव, गृह विभाग (वर्तमान प्रभार से पहले), लंबे अनुभव और कड़े प्रशासनिक कौशल के कारण उन्हें राज्य पुलिस का शीर्ष पद सौंपा गया है।
झुमरा पहाड़ में खुद संभाली थी नक्सल ऑपरेशन की कमान
अपनी सख्त और साहसी कार्यशैली के लिए मशहूर तदाशा मिश्रा ने बोकारो एसपी रहते हुए नक्सल प्रभावित झुमरा पहाड़ क्षेत्र में ऐतिहासिक ऑपरेशन चलाया था। उस वक्त झुमरा पहाड़ नक्सलियों का सबसे मजबूत गढ़ माना जाता था और पुलिस बल भी वहां जाने से हिचकता था। लेकिन तदाशा मिश्रा ने खुद मोर्चा संभाला, ऑपरेशन को लीड किया और इलाके में सुरक्षा बलों की पकड़ मजबूत की।
महिला नेतृत्व और पुलिस महकमे में नई उम्मीद
उनकी नियुक्ति को झारखंड में महिला सशक्तिकरण और मजबूत नेतृत्व की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। पुलिस विभाग में उनके कार्यभार संभालने से नई ऊर्जा, बेहतर रणनीति और मजबूत कानून व्यवस्था की उम्मीद जताई जा रही है। विशेष रूप से नक्सल विरोधी अभियानों और आंतरिक सुरक्षा को लेकर उनके नेतृत्व से सकारात्मक बदलाव की संभावना व्यक्त की जा रही है।
Reporter | Samachar Post