Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में सर्दी ने दस्तक दे दी है। राज्यभर में ठंड बढ़ने के साथ ही सुबह-शाम की बर्फीली हवाएं लोगों को कंपकंपी महसूस करा रही हैं। गुमला में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो पूरे राज्य में सबसे कम है। वहीं, चाईबासा में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुमला और आसपास के इलाकों में लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नवंबर के दूसरे हफ्ते में इतनी ठंड पड़ेगी, इसका अनुमान नहीं था।
यह भी पढ़ें :दिल्ली धमाके के बाद रांची में हाई अलर्ट, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर- शहरभर में सघन जांच अभियान शुरू
सात जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा और गुमला जिलों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं की रफ्तार तेज रहेगी। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी है।
प्रमुख शहरों में तापमान और वायु गुणवत्ता
राज्य के प्रमुख शहरों में तापमान के साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भी गिरावट दर्ज की गई है रांची का अधिकतम तापमान 25°C और न्यूनतम 10°C ,AQI 192 (खराब श्रेणी), जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम तापमान 12°C, AQI 154 दर्ज की गई। धनबाद का अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम 11°C AQI 177, बोकारो का अधिकतम तापमान 26°C और न्यूनतम 10°C , AQI 160दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हवा की गुणवत्ता ‘सामान्य से खराब’ श्रेणी में बनी हुई है।
बढ़ती ठंड से बढ़ी परेशानियां
हिमालय की दिशा से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण पूरे झारखंड में ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है।
दोपहर में भी ठंडी हवा के झोंकों से राहत नहीं मिल रही है। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी हो रही है, जबकि सुबह-शाम बाजारों में भीड़ कम देखी जा रही है।
आने वाले दिनों में और गिरेगा तापमान
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, अगले चार दिनों में हिमालयी क्षेत्र में बढ़ती बर्फबारी का असर झारखंड पर भी पड़ेगा। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक और गिर सकता है। फिलहाल 10 डिग्री के आसपास चल रहा तापमान घटकर 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
Reporter | Samachar Post