Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में कोयला चोरी को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ होती जा रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा धनबाद में कथित कोयला चोरी रैकेट पर कार्रवाई और नए खुलासों का दावा किए जाने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने उन पर कड़ा पलटवार किया है।
यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश में दर्दनाक सड़क हादसा, 2 बच्चों सहित 5 की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल
मरांडी का दावा
मरांडी ने ट्वीट में कहा कि धनबाद में कोयला चोरी के खिलाफ उनकी कार्रवाई का असर दिख रहा है। उन्होंने कहा, कोयला माफियाओं में भय का माहौल है। आम जनता की तरफ से लगातार सहयोग और समर्थन मिल रहा है। ईडी की कार्रवाई और खुलासों के बाद यह धंधा धीमा हुआ है। मरांडी ने जनता से अपील की कि झारखंड की खनिज संपदा को बचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और किसी भी “रसूखदार चोर” को बख्शा नहीं जाएगा।
JMM का पलटवार
मरांडी के ट्वीट के तुरंत बाद JMM ने भाजपा सांसद ढुल्लू महतो का नाम लेते हुए तीखा बयान जारी किया। पार्टी ने लिखा, अगर आपमें ज़रा-सी भी हिम्मत है, तो ढुल्लू महतो पर उंगली उठाकर दिखाइए। हर झारखंडी जानता है कि आप यह कर ही नहीं पाएंगे। JMM ने यह भी आरोप लगाया कि घाटशिला में भाजपा की 40,000 वोटों की हार के बावजूद मरांडी ने पद नहीं छोड़ा। पार्टी ने एल.बी. सिंह का नाम भी लेकर कहा कि “उनसे आपके रिश्ते जगजाहिर हैं। किस चुनाव में कितना और किसने क्या लिया जल्द जनता को पता चलेगा।
राजनीतिक तापमान बढ़ा
धनबाद में कोयला चोरी लंबे समय से विवादों का केंद्र रहा है। हालिया बयानबाज़ी ने इसे और उग्र और राजनीतिक बना दिया है। मरांडी लगातार कोयला माफियाओं पर कार्रवाई और नए खुलासों की बात कर रहे हैं। JMM उनका ध्यान भाजपा से जुड़े नामों पर नहीं जाने का आरोप लगाकर पलटवार कर रही है। इस मुद्दे ने झारखंड में राजनीतिक टकराव और तनाव को बढ़ा दिया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।