Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड विधानसभा अपनी 25वीं स्थापना वर्षगांठ को 22 नवंबर को विशेष तरीके से मनाने जा रही है। इस अवसर पर आयोजित होने वाला स्थापना दिवस कार्यक्रम दो सत्रों में विभाजित होगा। कार्यक्रम के पहले सत्र में उन व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशेष पहचान बनाई है। इसके साथ ही क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल और तीरंदाजी में नवंबर 2023 से अब तक राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मान मिलेगा।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री देंगे सम्मान
समारोह में राज्यपाल उत्कृष्ट विधायक को सम्मानित करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री विधानसभा के उत्कृष्ट कर्मियों को सम्मान देंगे। उत्कृष्ट विधायक के चयन के लिए पहले ही एक कमेटी बनाई जा चुकी है।
यह भी पढ़ें: पलामू में बालू माफियाओं का बर्बर हमला, BDO और टीम बाल-बाल बचे
सांस्कृतिक कार्यक्रम की झलक
स्थापना दिवस के अवसर पर आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल किए गए हैं। बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक रूप कुमार राठौर मंच पर प्रस्तुति देंगे, जबकि हास्य कवि दिनेश बावरा अपनी विशेष शैली से कार्यक्रम में रंग जमाएंगे।
शहर में लगेगी झारखंड दिवस की झलक
समारोह के प्रचार-प्रसार के लिए रांची के 8 प्रमुख स्थानों बिरसा चौक, रातू रोड चौक, मोरहाबादी, बूटी मोड़, लालपुर चौक, रांची स्टेशन, सूचना भवन चौक और जीईएल चर्च कॉम्प्लेक्स, पर बड़े होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। स्थापना दिवस समारोह के लिए सुरक्षा, यातायात और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।