- बंद पड़े घर से मिला विस्फोटक, इलाके में मचा हड़कंप
Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद: धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र के भौंरा ओपी अंतर्गत सात नंबर इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बंद पड़े मकान से चार जिंदा बम बरामद किए गए। स्थानीय लोगों ने घर में बम देखे जाने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। भौंरा पुलिस ने बमों को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर पानी में डालकर निष्क्रिय किया। अचानक हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल फैल गया और लोग काफी देर तक घरों से बाहर निकलने से डरते रहे।
एक व्यक्ति हिरासत में, पूछताछ जारी
सूचना मिलते ही जोड़ापोखर सर्किल इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का नेतृत्व किया। पुलिस ने स्थानीय निवासी मुईजुद्दीन अंसारी को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बम वहां किसने और किस उद्देश्य से रखे थे। पुलिस ने बताया कि जांच के बाद मामले की पूरी कड़ियां जोड़ी जाएंगी।
यह भी पढ़ें :चाईबासा में अंधविश्वास की भेंट चढ़ी महिला, डायन बताकर पीट-पीटकर हत्या
इलाके में सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा बढ़ाई गई
भौंरा ओपी प्रभारी सुमन सौरभ के नेतृत्व में एसआई संतोष कुमार सहित पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा के तहत आसपास के अन्य बंद मकानों की भी जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं और विस्फोटक सामग्री न छिपाई गई हो। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।जांच पूरी होने के बाद पुलिस इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट जारी करेगी।
Reporter | Samachar Post