Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो इलाके में गुरुवार को एक बेकाबू सांड़ ने 61 वर्षीय माला सरकार पर हमला कर उनकी मौत कर दी। यह वही सांड़ है जिसने बुधवार को 15 से अधिक लोगों को घायल कर दिया था।
ट्रैंक्यूलाइज करने के बाद भी नहीं ले जा पाए सुरक्षित स्थान
सूत्रों के अनुसार, बुधवार शाम टाटा जूलॉजिकल पार्क की टीम ने सांड़ को ट्रैंक्यूलाइज कर बेहोश किया था। लेकिन रात में उसे सुरक्षित स्थान पर नहीं ले जाया जा सका। गुरुवार सुबह सांड़ होश में आते ही गौड़ बस्ती की ओर दौड़ा और वहां माला सरकार पर हमला कर दिया। घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज एमजीएम और टीएमएच अस्पताल में जारी है।
स्थानीयों ने जताई नाराजगी, कहा- प्रशासन लापरवाह
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों ने कहा कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या से रोजाना खतरा बढ़ रहा है, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। इस बीच, पुलिस और जू की टीम ने सांड़ को फिर से ट्रैंक्यूलाइज कर जू अस्पताल में भर्ती कराया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।