- गोलमुरी क्षेत्र में रेडीमेड कपड़ों के गोदाम में रात में लगी आग
Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के हिंदू बस्ती स्थित भारत रेडीमेड कपड़ों के गोदाम में सोमवार की देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि गोदाम में रखा लगभग पूरा स्टॉक जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
गोदाम मालिक ने जताया शक, 5 युवकों की गतिविधि संदिग्ध
गोदाम मालिक रेहान खान ने बताया कि रात में आग लगने की सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग पूरी तरह फैल चुकी थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि आग लगने के समय चार से पांच युवक गोदाम के सामने खड़े देखे गए थे। रेहान खान को शक है कि उन्हीं युवकों ने आग लगाने की साजिश रची हो सकती है।
यह भी पढ़ें: पलामू: रन फॉर झारखंड में दौड़ा मेदिनीनगर, DC-SP संग युवाओं ने भरी ऊर्जा की उड़ान
असामाजिक गतिविधियों में बढ़ोतरी, क्षेत्र में तनाव
स्थानीय लोगों ने बताया कि गोलमुरी क्षेत्र में हाल के दिनों में असामाजिक गतिविधियों में तेजी आई है। कभी वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं होती हैं तो कभी दुकानों या गोदामों में आग लगाई जाती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है।
शहर में आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं
जमशेदपुर में आगजनी की घटनाओं का सिलसिला हाल ही में तेज हुआ है। सोमवार को जुगसलाई स्थित वीर कुंवर सिंह चौक के पास एक खड़ी कार में आग लागाई गई। सिदगोड़ा और सोनारी में भी कारों में आग लगाने की घटनाएं सामने आईं। शनिवार रात बागबेड़ा में लाल बिल्डिंग निवासी नितेश की कार को भी आग के हवाले किया गया। इन घटनाओं ने पूरे शहर में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।