Samachar Post डेस्क, रांची : लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र के खुटहा चेतन टोला में मंगलवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। ITBP के जवान ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पत्नी से विवाद के बीच हुई वारदात
मृतकों की पहचान 68 वर्षीय उदय सिंह और उनके 35 वर्षीय बेटे लाटो उर्फ विकास कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विकास कुमार ITBP में तैनात था और हाल ही में चुनाव ड्यूटी के लिए बिहार आया था। चुनाव समाप्त होने के बाद वह घर पर ही मौजूद था। मंगलवार को किसी बात को लेकर विकास और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान पिता बीच बचाव करने आए, जिससे गुस्साए विकास ने पिस्टल निकालकर पिता को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: दिल्ली से रांची पहुंचे यात्री, लेकिन सामान रह गया दिल्ली में; इंडिगो की लापरवाही पर एयरपोर्ट पर हंगामा
पत्नी पर भी हमला, फिर खुद को मारी गोली
घटना के बाद विकास ने अपनी पत्नी को भी मारने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर भाग निकली। इसके बाद विकास ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस मौके पर, जांच जारी
मामले की सूचना पर SP अजय कुमार, DSP शिवम कुमार, बड़हिया थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। SP अजय कुमार ने बताया कि, परिजनों से घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। विवाद का असल कारण अभी स्पष्ट नहीं है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।