Samachar Post डेस्क, रांची : दिल्ली से रांची पहुंचे इंडिगो फ्लाइट के यात्रियों के सामने मंगलवार को बड़ी समस्या आ गई, जब उन्हें पता चला कि उनका सामान दिल्ली एयरपोर्ट पर ही छूट गया है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कई यात्रियों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
कई यात्रियों के एक से अधिक बैग गायब
रांची पहुंचे यात्रियों ने बताया कि किसी के चार बैग में से तीन नहीं पहुंचे, किसी के तीन में से केवल दो ही मिले। कुछ यात्रियों के महत्वपूर्ण दस्तावेज, दवाइयाँ और घर की चाबियाँ तक बैग में थीं, जिससे वे घर के अंदर भी नहीं जा पा रहे हैं। यात्रियों में भारी नाराज़गी देखने को मिली।
यह भी पढ़ें: JAMTTC के आरपी सिंह का अनुबंध खत्म, फिर भी पद पर बने- वित्त विभाग ने रोका विस्तार
लगेज बेल्ट में खराबी बनी वजह
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में लगेज बेल्ट में तकनीकी खराबी आने के कारण कई बैग फ्लाइट में लोड ही नहीं हो सके।
इस वजह से दर्जनों बैग दिल्ली एयरपोर्ट पर ही रह गए।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से मांगा 24 घंटे का समय
मामले पर एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से 24 घंटे का समय मांगा है और भरोसा दिलाया है कि सभी बैग रांची भेज दिए जाएंगे।
यात्रियों का कहना है कि इतनी बड़ी तकनीकी समस्या के बावजूद इंडिगो ने समय पर कोई जानकारी नहीं दी, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल शिकायतें दर्ज कर ली गई हैं और इंडिगो व एयरपोर्ट प्रबंधन सामान जल्द पहुंचाने की प्रक्रिया में जुटे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।