Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल से एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। प्रसव के लिए भर्ती एक गर्भवती महिला की ऑपरेशन थिएटर में बेड से गिरने के बाद मौत हो गई। महिला के साथ गर्भस्थ शिशु की भी जान चली गई।मृतका की पहचान चांदनी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की।
प्रसव के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बीती रात प्रसव पीड़ा होने पर चांदनी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में ले जाया गया, जहां प्रसव की प्रक्रिया के दौरान वह बेड से गिर गईं। गिरने के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: हाजीपुर में भीषण सड़क हादसा : चुनाव सर्वे टीम की कार ट्रक से टकराई, 3 की मौत, 4 घायल
परिजनों का आरोप- डॉक्टर नहीं थे मौजूद
परिजनों का आरोप है कि घटना के समय ओटी में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था और प्रसव केवल नर्सों के भरोसे कराया जा रहा था। उनका कहना है कि अगर डॉक्टर मौके पर होते, तो चांदनी और बच्चे की जान बचाई जा सकती थी।
अस्पताल प्रशासन ने दी सफाई
वहीं, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने परिजनों के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि परिजनों ने डॉक्टरों की सलाह लिए बिना ही मरीज को अस्पताल से बाहर ले जाया। डॉ. कुमार के अनुसार, अगर मरीज को स्थानांतरित नहीं किया जाता, तो उसकी जान शायद बचाई जा सकती थी।
पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ, जांच की मांग
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया और खिरगांव स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया। मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जांच की मांग उठने लगी है। फिलहाल अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Reporter | Samachar Post