Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : गुमला जिला समाहरणालय में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स और कारा सुरक्षा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खनन गतिविधियों की निगरानी, पर्यावरण संरक्षण, राजस्व वृद्धि और कारा सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक निर्णय लिए गए। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर पूर्ण रोक सुनिश्चित की जाए। बालू घाटों से अवैध निकासी के खिलाफ नियमित सघन जांच अभियान चलाने और पकड़े गए खनिजों की त्वरित नीलामी सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया। साथ ही, जिन बालू घाटों की ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया चल रही है, उसमें ग्राम सभाओं के माध्यम से शीघ्र अग्रेतर कार्रवाई की जाए ताकि बालू की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। बैठक में उपायुक्त ने ओवरलोड और चालान विहीन वाहनों की नियमित जांच करने, खनन पट्टा क्षेत्रों और क्रशर इकाइयों का निरीक्षण कर बाउंड्री, साइन बोर्ड और कवरिंग सहित सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध खनन रोकने के लिए संयुक्त छापेमारी लगातार जारी रखने का आदेश भी दिया गया।
यह भी पढ़ें: रांची मौसम केंद्र में आयोजित हुआ इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल का कर्टेन रेजर कार्यक्रम
कारा सुरक्षा का भी लिया गया जायजा
कारा सुरक्षा समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने नवनिर्मित और विस्तारित खंड में CCTV कैमरा, इलेक्ट्रिक फेंसिंग, हाईमास्ट लाइट और स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रगति की जानकारी ली और शेष कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, महिला बंदियों और उनके बच्चों की शिक्षा के लिए शिक्षिका प्रतिनियुक्ति की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश भी दिया गया। उपायुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और खनन से संबंधित किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, जिला खनन पदाधिकारी, अधीक्षक, कारा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।