- दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की
Samachar Post डेस्क, बिहार : गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के समईल गांव में रविवार रात दिल दहला देने वाली घटना हुई। बाइक सवार चार हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए और 40 वर्षीय सबिता देवी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सिर और बांह में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटी रसोई में थी, मां चौकी पर बैठी थी
घटना के समय सबिता देवी अपनी 15 वर्षीय बेटी के साथ घर पर थीं। बेटी किचन में खाना बना रही थी और सबिता चौकी पर बैठी थीं। तभी मास्क लगाए चारों अपराधी दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे और सीधे घर में घुसकर फायरिंग शुरू कर दी।
एक गोली सबिता के सिर में और तीन गोली बांह में लगी, जिससे उनकी तत्काल मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: JMM ने रांची महानगर संयोजक मंडली का विस्तार किया, नई सूची जारी
फायरिंग के बाद आरोपी फरार, इलाके में दहशत
गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका की बेटी के बयान पर FIR दर्ज कर ली है।
जमीन विवाद को लेकर चल रहा था तनाव
परिजनों ने बताया कि सबिता देवी का अपने पाटीदारों के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार धमकियां भी मिल चुकी थीं। इसके अलावा उनका पति से भी संबंध खराब थे और वह तीन साल पहले उन्हें छोड़कर अलग रहने लगी थीं। सबिता देवी के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। उनका बेटा BSF में जवान है और इन दिनों असम में ट्रेनिंग पर गया हुआ है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।