Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और त्वरित न्याय को और सशक्त बनाने की दिशा में गिरिडीह पुलिस ने एक अहम पहल की है। शनिवार को SP डॉ. विमल कुमार ने महिला थाना परिसर में नवनिर्मित ‘स्वागत कक्ष’ का उद्घाटन किया।
संवेदनशीलता और विश्वास का केंद्र होगा स्वागत कक्ष
उद्घाटन कार्यक्रम में SP ने कहा कि स्वागत कक्ष केवल एक कमरा नहीं, यह महिलाओं के प्रति संवेदना, सम्मान और भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस कक्ष में महिला पुलिस अधिकारी और प्रशिक्षित परामर्शदाता मौजूद रहेंगी, जो शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुनेंगी और उचित समाधान देंगी।
यह भी पढ़ें :राज्यपाल संतोष गंगवार ने आडवाणी से की मुलाकात, बेटे की शादी का दिया न्योता
कानूनी सहायता के साथ काउंसलिंग की भी सुविधा
SP ने कहा कि कई मामलों में संवाद से समाधान संभव होता है। ऐसे में यह कक्ष सुलह और संवाद मंच के रूप में भी काम करेगा। यहां पीड़िताओं को कानूनी मदद के साथ काउंसलिंग की भी सुविधा मिलेगी, ताकि वे अपनी बात निडर होकर रख सकें।
महिला अपराध पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति
डॉ. विमल कुमार ने कहा कि महिला अपराधों पर गिरिडीह पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रही है। उन्होंने जिले की महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार के अन्याय या उत्पीड़न पर वे बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें। साथ ही, पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पीड़िताओं की बात संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ सुनें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
‘हर महिला सुरक्षित, हर शिकायत गंभीर’- यही हमारा संकल्प
SP ने अंत में कहा कि गिरिडीह पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में हर आवश्यक कदम उठाती रहेगी।
Reporter | Samachar Post