Samachar Post रिपोर्टर,घाटशिला : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। इससे पहले मॉक पोलिंग की गई थी। झारखंड में ठंडक भरे मौसम के बावजूद मतदाता बड़े उत्साह के साथ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में भी मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जा रहा है।
मतदाता भीड़ और महिला सहभागिता
मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। पुरुषों के साथ-साथ महिला मतदाताओं की संख्या भी काफी है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर समय पर मतदान शुरू हो गया है और इसकी निगरानी वेबकास्टिंग के माध्यम से सीईओ, डीईओ और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा चुनाव 2025: दूसरे चरण का मतदान जारी, सुबह 9 बजे तक 14.55% मतदान दर्ज
उपचुनाव का कारण और सीट की जानकारी
घाटशिला उपचुनाव उस सीट को भरने के लिए कराया जा रहा है जो झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के वरिष्ठ नेता एवं शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के आकस्मिक निधन के कारण खाली हुई थी। इस क्षेत्र के कुल 300 बूथों पर मतदान हो रहा है। परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
मतदाता पहचान और वैकल्पिक दस्तावेज
मतदाता फोटोयुक्त पहचान पत्र (एपिक) नहीं होने पर 12 अन्य वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक का उपयोग कर मतदान किया जा सकता है। इनमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक/डाकघर की फोटो पासबुक, पैन कार्ड, एनआरईजीए जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड आदि शामिल हैं।
कुल मतदाता और विशेष विवरण
- कुल मतदाता: 2,56,352
- पुरुष: 1,25,114
- महिलाएं: 1,31,235
- सर्विस वोटर: 372
- नए मतदाता (18-19 वर्ष): 16,601
- दिव्यांग मतदाता: 2,738
- एनआरआई मतदाता: 1
वरिष्ठ महिला मतदाताओं की भागीदारी
- 100–109 वर्ष: 3 महिलाएं
- 90–99 वर्ष: 129 महिलाएं
- 80–89 वर्ष: 934 महिलाएं
- 70–79 वर्ष: 4,021 महिलाएं
महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए, पांच पिंक बूथ पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा संचालित किए जा रहे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।