Samachar Post रिपोर्टर, रांची : जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र से जुड़ी सेवाओं के लिए भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल की नकल कर कई फर्जी वेबसाइटें देशभर में सक्रिय हो गई हैं। प्रशासन ने नागरिकों को सावधान करते हुए कहा है कि ये वेबसाइटें पैसे लेकर नकली प्रमाणपत्र जारी कर रही हैं, जिनकी कोई कानूनी मान्यता नहीं है।
सरकार ने दी चेतावनी
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन नकली वेबसाइटों का भारत सरकार, राज्य सरकार, नगर निगम, नगर परिषद या किसी पंचायत से कोई संबंध नहीं है। ऐसी साइटों पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करना या भुगतान करना साइबर धोखाधड़ी का हिस्सा माना जाएगा।
कुछ फर्जी वेबसाइटों के उदाहरण
प्रशासन ने अनधिकृत वेबसाइटों की एक सूची जारी की है, जिनमें शामिल हैं…
- gov.in.jhgrow.org
- dc.crsorgi.gov.in.web.index.php.viewcert.co.in/login.php
- goovi.in/login.php
- xyz/web/index.php/auth/login.php
- crsorgidc.co.in
सूची केवल उदाहरण हेतु है; भविष्य में और भी फर्जी डोमेन सामने आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: एमएलसी नीरज कुमार को डिप्टी CM के नाम से धमकी भरा पत्र, FIR दर्ज
आधिकारिक पोर्टल केवल एक
जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने के लिए भारत सरकार का एकमात्र अधिकृत पोर्टल है https://dc.crsorgi.gov.in/ यही वेबसाइट पूरे देश में प्रमाणपत्र जारी करती है।
कैसे पहचानें असली प्रमाणपत्र?
प्रमाणपत्र पर दिए गए QR कोड को स्कैन करें। स्कैन करने पर यदि लिंक https://dc.crsorgi.gov.in/ पर रीडायरेक्ट होता है तो प्रमाणपत्र वैध है। किसी अन्य वेबसाइट खुलने, एरर आने या लिंक न खुलने की स्थिति में प्रमाणपत्र फर्जी माना जाएगा।
फर्जी प्रमाणपत्र बनवाना या इस्तेमाल करना अपराध
नकली प्रमाणपत्र तैयार करना, खरीदना या प्रस्तुत करना आईपीसी और आईटी एक्ट के तहत गंभीर अपराध है। इसके लिए, कानूनी कार्रवाई, प्रमाणपत्र निरस्तीकरण, आर्थिक दंड जैसी कार्रवाई हो सकती है।
प्रशासन की अपील
किसी भी अनजान वेबसाइट पर व्यक्तिगत जानकारी, आधार नंबर या भुगतान न करें। प्रमाणपत्र के नाम पर पैसे मांगने या निजी लिंक भेजने वालों की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें। साइबर अपराध की शिकायत हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर दर्ज करा सकते हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।