Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के जयनगर प्रखंड के घूरमुंडा गांव में रविवार देर रात हाथियों के झुंड ने भारी तबाही मचा दी। झुंड ने किसानों की तैयार धान की फसल को रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों का यह झुंड श्मशान घाट के रास्ते होकर तरिया के खेतों तक पहुंचा और कुछ ही मिनटों में खेतों की हालत खराब कर दी।
किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
स्थानीय किसानों ने बताया कि हाथियों को भगाने के लिए उन्होंने बम-पटाखे और मशालों का इस्तेमाल किया, लेकिन तब तक उनकी महीनों की मेहनत मिट्टी में मिल चुकी थी। इससे पहले, मोंथा चक्रवात के कारण हुई भारी बारिश से भी फसलों को नुकसान हुआ था, जिससे किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।
यह भी पढ़ें :जमुई में बाइक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से 2 युवकों की मौत, 1 गंभीर घायल
कई दिनों से मचा रहे हैं आतंक
ग्रामीणों ने बताया कि यह झुंड पिछले कई दिनों से इलाके में सक्रिय है। शनिवार देर रात भी हाथियों ने गड़गी रेलवे फाटक को तोड़ दिया था। लगातार हमलों के कारण ग्रामीणों में दहशत है और कई किसान अब रात में खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं।
वन विभाग की टीम मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि हाथियों को बराकर नदी पार खदेड़ा गया है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि हाथियों को देखते ही तुरंत विभाग को सूचना दें और उनसे दूरी बनाए रखें।
मुआवजे की प्रक्रिया शुरू
वन विभाग ने कहा है कि फसल के नुकसान की भरपाई की जाएगी। रेंजर रविन्द्र कुमार ने बताया कि प्रभावित किसान आवेदन देकर नुकसान का आकलन करा सकते हैं। इसके बाद संबंधित अंचल कार्यालय के माध्यम से मुआवजा दिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post