Samachar Post डेस्क,लातेहार :लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड स्थित मंगरा रोड एकलव्य विद्यालय में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आठवीं कक्षा की तीन छात्राओं को स्कूल प्रबंधन ने झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र और ओझा-गुनी जैसे व्यवहार करने के आरोप में स्कूल से बाहर भेज दिया। कहा गया कि ये छात्राएं रात में छात्रावास और महिला शिक्षिकाओं के कमरों के बाहर अजीब हरकतें कर रही थीं, जिससे अन्य बच्चियों के बीच डर का माहौल बन गया। स्कूल प्रिंसिपल ने परिजनों को बुलाकर छात्राओं को घर ले जाने और किसी अन्य स्कूल में दाखिला दिलाने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें :रोहतास पुलिस ने 60 लाख का गांजा जब्त, ट्रैक्टर में बने गुप्त तहखाने से पकड़ी बड़ी खेप, 1 तस्कर गिरफ्तार
परिजनों ने आरोपों को झूठा बताया, बाल संरक्षण इकाई की एंट्री पर रोक
छात्राओं के परिजनों ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत और मनगढ़ंत बताते हुए बाल संरक्षण इकाई से शिकायत की। सोमवार को रूबी कुमारी के नेतृत्व में टीम स्कूल जांच के लिए पहुंची, लेकिन स्कूल प्रशासन ने पहले उन्हें परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया। वरिष्ठ अधिकारियों से बात करने के बाद टीम को अंदर जाने दिया गया। जांच के बाद रूबी कुमारी ने बताया कि स्कूल के आरोपों का कोई सबूत नहीं मिला। उन्होंने कहा कि आवासीय स्कूल में बच्चियों के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद चिंताजनक है। पूरी रिपोर्ट विभाग को भेज दी गई है।
प्रिंसिपल बोले घर भेजा है, निष्कासित नहीं किया
स्कूल प्रिंसिपल कमलेश कुमार का कहना है कि कुछ छात्राएं रात में ऐसी गतिविधियाँ कर रही थीं जिससे अन्य बच्चियां डर गईं।उनके मुताबिक छात्राओं को “निष्कासित” नहीं किया गया है। केवल परिजनों को बुलाकर घर भेजा गया। आचरण नहीं सुधरने पर दोबारा भी घर भेजना पड़ा। ITDA लातेहार के निदेशक प्रवीण कुमार गगराई ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी है।मंगलवार को एक टीम स्कूल भेजी जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post