Samachar Post रिपोर्टर,दुमका :दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के दिग्घी गांव में गुरुवार को एक नाबालिग लड़की का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल के तिनघरा टोला के पास लड़की का सिर पेड़ से लटका मिला, जबकि धड़ जमीन पर पड़ा था। मृतका की पहचान 17 वर्षीय लाखो कुमारी के रूप में हुई है।
27 अक्टूबर से लापता थी लड़की
परिजनों के अनुसार, लाखो 27 अक्टूबर को अचानक घर से लापता हो गई थी। उसके पिता ने उसी दिन थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन गुरुवार को उसका शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया।
यह भी पढ़ें :शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स- निफ्टी में बड़ी गिरावट, रुपया भी टूटा
परिजनों ने युवक पर जताया शक
लड़की के पिता ने बताया कि उनकी बेटी अक्सर बरहेट गांव के दिलखुश पासवान से फोन पर बात करती थी। परिवार ने आशंका जताई कि वही लड़की को बहला-फुसलाकर ले गया होगा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि गुमशुदगी के आधार पर पहले ही FIR दर्ज कर जांच की जा रही थी। अब शव मिलने के बाद पूरे मामले की जांच हत्या के एंगल से की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।थाना प्रभारी ने कहा रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में आक्रोश
इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस जंगल और आसपास के इलाकों में साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post