Samachar Post डेस्क, रांची :10 नवंबर को लालकिला के सामने हुए बम धमाके के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने रविवार को अहम खुलासा किया। जांच एजेंसी ने पुष्टि की कि यह हमला आत्मघाती (सुसाइड) हमला था। इससे पहले गृह मंत्रालय ने इसे एक घबराहट में किया गया धमाका बताया था, लेकिन NIA की गिरफ्तारी ने पूरे हमले की साजिश के संकेत दे दिए हैं।
यह भी पढ़ें :झारखंड शराब घोटाले की जांच में नया मोड़, ACB ने रामगढ़ DC को किया तलब
आरोपी आमिर राशिद अली गिरफ्तार
एनआईए ने आरोपी आमिर राशिद अली को गिरफ्तार किया है, जो जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के पंपोर का रहने वाला है। आमिर प्लंबर का काम करता रहा है और उसने हमले में प्रयोग की गई कार भी उपलब्ध कराई थी। जांच में यह सामने आया कि आमिर और आत्मघाती हमलावर डॉ. उमर नबी ने मिलकर दिल्ली हमले की योजना बनाई थी। आमिर कश्मीर से दिल्ली आया था और कार में वाहन-आधारित IED (VBIED) लगाई गई थी।
हमले की योजना और क्रियान्वयन
एनआईए के अनुसार दोनों आरोपी अगस्त–सितंबर से संपर्क में थे और अक्टूबर में उनकी बातचीत तेज़ हो गई थी। जब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद स्थित आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, तब उमर नबी भाग निकला और सबसे पहले आमिर को कॉल किया। 10 नवंबर को उन्होंने अंतिम दिन तय किया और लालकिला को अपना लक्ष्य बनाया।
जांच जारी, नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है
एनआईए अब आमिर और उमर नबी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। फोन कॉल, लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य नतीजों के आधार पर और संदिग्धों की पहचान की गई है, जिनमें कुछ अभी फरार हैं। एनआईए ने हमले में इस्तेमाल एक वाहन भी जब्त किया है और उसकी पूरी जांच की जा रही है। अब तक 150 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है, जिनमें 73 गवाह शामिल हैं।
Reporter | Samachar Post