Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :कोयला ढुलाई में लगे लगभग 1500 हाइवा मालिकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पांचवें दिन भी जारी है। हाइवा मालिकों ने टंडवा थाना प्रभारी पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे पूरा परिवहन सिस्टम ठप हो गया है।
यह भी पढ़ें :CM हेमंत सोरेन के नाम पर कर्नाटक डिप्टी सीएम को फर्जी कॉल, FIR दर्ज गोंदा पुलिस जांच में जुटी
कोयला ढुलाई बंद, सरकार को रोजाना 1 करोड़ का नुकसान
हड़ताल 12 नवंबर से शुरू हुई थी। तब से टंडवा और आसपास के इलाकों में कोयला परिवहन पूरी तरह रुक गया है। इस ठप पड़े काम से राज्य सरकार को रोज करीब 1 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान होने का दावा किया जा रहा है। कोयला ढुलाई रुकने से संबंधित परियोजनाओं पर भी असर पड़ रहा है और उत्पादन व डिस्पैच पूरी तरह अवरुद्ध है।
हाइवा मालिकों का आरोप- थाना प्रभारी वसूली करते हैं 5,000–10,000 रुपये
हाइवा मालिकों का कहना है कि टंडवा थाना प्रभारी रात में वाहनों को रोक कर उन पर मनगढ़ंत आरोप लगाते हैं, जैसे खराब लाइट, अधिक लाइट लगाने, खराब तिरपाल, स्पीड मीटर खोलकर चलाना, इन मनमाने आरोपों के बदले प्रत्येक हाइवा से 5,000 से 10,000 रुपये तक की अवैध वसूली की जाती है। मालिकों ने कहा कि वे बेवजह केस और भारी जुर्मानों से तंग होकर हड़ताल करने को मजबूर हुए हैं। कुछ परिवहनकर्ताओं ने बताया कि टंडवा–सिमरिया रोड के खधैया में प्रशासन ने मौखिक रूप से नो-एंट्री लागू कर दी है, जिससे संचालक नाराज़ हैं। उनके मुताबिक, यह भी हड़ताल की बड़ी वजहों में से एक है।
हाइवा संघों की बैठक, CM को सौंपा जाएगा ज्ञापन
रविवार को केरेडारी के चुंदरु धाम मैदान में महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें सिमरिया, टंडवा, केरेडारी, कटकमसांडी, आम्रपाली हाइवा ओनर्स एसोसिएशन, के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में थाना प्रभारी के खिलाफ मुख्यमंत्री को भेजे जाने वाले पत्र का मसौदा तैयार किया गया।सोमवार को आधिकारिक शिकायत सरकार को भेजी जाएगी।
1500 हाइवा बंद, 60,000 टन दैनिक ढुलाई प्रभावित
हड़ताल के कारण प्रतिदिन लगभग 60,000 टन कोयले की ढुलाई पूरी तरह से बंद हो गई है। इसमें शामिल प्रमुख माइंस आम्रपाली 15,000 टन, चट्टी बारियातू (केरेडारी) 15,000 टन, कटकमसांडी 12,000 टन, केडी माइंस, पांडु 6,000 टन, टोरी 5,000 टन, डकरा 3,000 टन, आरसीआर 2,000 टन, मगध 1,000 टन है।
NTPC को कोयला संकट का खतरा
अगर हड़ताल जल्द नहीं खत्म हुई, तो NTPC को कोयला संकट का सामना करना पड़ सकता है। परियोजनाएँ पहले ही प्रभावित हो रही हैं, और कोयला स्टॉक तेजी से घटने लगा है।
Reporter | Samachar Post