- 18 जिलों की 121 सीटों पर थमेगा चुनावी शोर
Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान से पहले चुनावी प्रचार का आज आखिरी दिन है। 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशी और दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। आज शाम 6 बजे के बाद प्रचार अभियान पूरी तरह थम जाएगा, इसके बाद उम्मीदवार केवल डोर-टू-डोर कैंपेन या व्यक्तिगत संपर्क कर सकेंगे।
6 नवंबर को होगा पहले चरण का मतदान
पहले चरण के सभी सीटों पर 6 नवंबर (गुरुवार) को मतदान होगा। इसे लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। नेपाल सीमा से सटे जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है ताकि किसी भी अवांछित गतिविधि को रोका जा सके। सीमावर्ती इलाकों में अगले 48 घंटों तक विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
यह भी पढ़ें :बिहार चुनाव से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई- अररिया के होटल से 35 लाख कैश बरामद
1314 उम्मीदवार मैदान में, 122 महिलाएं भी आजमा रहीं किस्मत
पहले चरण में कुल 1314 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें से 1192 पुरुष और 122 महिला प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रही हैं। इस चरण में 102 सामान्य सीटें और 19 अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित सीटें शामिल हैं।
चुनावी सुरक्षा पर प्रशासन सख्त
राज्य प्रशासन ने हर जिले में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। सीमा और संवेदनशील इलाकों में पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त गश्ती जारी है। चुनाव आयोग ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि शराब, नकदी और उपहार के वितरण पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
Reporter | Samachar Post