Samachar Post डेस्क, बिहार: बिहार में नई सरकार बनने के बाद अपराधियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई तेजी पकड़ चुकी है। बेगूसराय में शुक्रवार देर रात STF और जिला पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में कुख्यात अपराधी शिवदत्त राय मुठभेड़ में घायल हो गया। आरोपी तेघड़ा थाना क्षेत्र के बनहारा गांव निवासी राजकिशोर राय का 27 वर्षीय बेटा है। उस पर सरपंच के बेटे की हत्या सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। घायल शिवदत्त को पुलिस हिरासत में बेगूसराय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुई मुठभेड़?
STF को सूचना मिली थी कि शिवदत्त राय मल्हीपुर क्षेत्र में हथियार खरीदने पहुंचने वाला है। रात में जब पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसकी जांघ में लगी। मौके का फायदा उठाकर उसके साथ मौजूद अन्य अपराधी अंधेरे में फरार हो गए। पुलिस की पूछताछ और तलाशी के बाद एक घर से भारी मात्रा में हथियार, कैश और कफ सिरप जब्त किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: धनबाद जंक्शन पर यात्रियों ने पकड़ा मोबाइल चोर
सरपंच के बेटे की हत्या का मुख्य आरोपी
2 सितंबर 2022 को धनकौल पंचायत में सरपंच मीना देवी के घर पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की गई थी। इस वारदात में सरपंच के छोटे बेटे अवनीश कुमार की मौत हो गई थी, बड़ा बेटा रजनीश कुमार घायल हुआ था। इस मामले में शिवदत्त राय और उसके गिरोह के कई सदस्य नामजद थे। उसे पहले गाजियाबाद से गिरफ्तार कर बेगूसराय जेल भेजा गया था। करीब दो महीने पहले उसे जमानत मिली थी।
नई सरकार में अपराधियों पर सख्ती
नई सरकार में गृह मंत्री सम्राट चौधरी और DGP विनय कुमार ने अपराध नियंत्रण को लेकर कड़ा रूख अपनाया है। सभी जिलों की पुलिस को संगठित अपराध के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। सम्राट चौधरी का सख्त संदेश, अपराधी या तो जेल में होंगे या कब्र में।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।