Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़: भुरकुंडा मेन रोड पर बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क जाम के दौरान पुलिस कार्रवाई में एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल की पहचान अतुल कुमार सिंह (एमआर) के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे अचानक सड़क जाम लग गया था। एक वेगन-आर कार स्कूल बस के सामने खड़ी होने से यातायात बाधित हो गया। इसी दौरान भुरकुंडा थाना प्रभारी निर्भय गुप्ता मौके पर पहुंचे और जाम हटाने का प्रयास करने लगे।
थाना प्रभारी पर लाठीचार्ज का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम हटाने के दौरान थाना प्रभारी और कार चालक अतुल कुमार के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर थाना प्रभारी ने लाठी चला दी, जिससे अतुल कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
थाने में फिर हुई बहस
घटना के बाद थाने में दोनों पक्षों के बीच फिर से तीखी नोकझोंक हुई। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।
यह भी पढ़ें: छठ पर्व के बाद बढ़ती भीड़ को देखते हुए गोंदिया–बरौनी स्पेशल ट्रेन का संचालन
थाना प्रभारी का पक्ष
थाना प्रभारी निर्भय गुप्ता ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा, मुझे बदनाम करने के लिए वीडियो वायरल किया गया है। अतुल कुमार और मनीष कुमार की वजह से जाम लगा था। हम रेड से लौट रहे थे और जब जाम खुलवाने गए तो उन्होंने धमकी दी कि मुझे सस्पेंड करवा देंगे। मैंने अपना परिचय भी दिया, फिर भी उन्होंने बहस और हाथापाई शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने कहा है कि यदि जांच में लाठीचार्ज की पुष्टि होती है, तो उचित कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।