- भोपाल में मॉडल की मौत, अस्पताल में छोड़ा और फरार हुआ युवक
Samachar Post डेस्क, रांची : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 27 वर्षीय मॉडल खुशबू अहिरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक युवक खुशबू को गंभीर हालत में अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
शरीर पर चोट के निशान, पुलिस सक्रिय
पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुशबू के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। मृतका के परिजनों का आरोप है कि खुशबू अपने बॉयफ्रेंड कासिम के साथ उज्जैन गई थी और उसी ने उसकी हत्या की है। पुलिस ने कासिम को गिरफ्तार कर लिया है और उससे विस्तृत पूछताछ जारी है।
सोशल मीडिया पर सक्रिय थी खुशबू
खुशबू पिछले तीन वर्षों से सोशल मीडिया पर सक्रिय थी और इंस्टाग्राम पर ‘Diamond Girl 30’ नाम से उसका अकाउंट था। वह नियमित रूप से रील्स बनाकर शेयर करती थी और कई स्थानीय विज्ञापनों में भी काम करती थी।
यह भी पढ़ें: कोडरमा घाटी में दर्दनाक हादसा, ट्रक पलटने से चालक की मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
मॉडल की संदिग्ध मौत के मामले में शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, खुशबू प्रेग्नेंट थी और उसकी फैलोपियन ट्यूब फटने से गंभीर प्रेग्नेंसी जटिलताएँ पैदा हुईं, जिसके कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
लिव-इन रिलेशनशिप और आरोप–प्रत्यारोप
खुशबू और कासिम पिछले डेढ़ साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। कासिम ने खुद को निर्दोष बताया है। खुशबू के परिजनों ने उस पर मारपीट और मानसिक व शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है और विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।