Samachar Post डेस्क, रांची : बिहार विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने की एक बड़ी मादक पदार्थों की साजिश को एनसीबी और सिमडेगा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर नाकाम कर दिया। ओडिशा से सिमडेगा होते हुए बिहार ले जाई जा रही 441 किलोग्राम गांजे की खेप जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।
गुप्त सूचना पर तुरंत कार्रवाई
एनसीबी के बिहार-झारखंड जोनल डायरेक्टर और सिमडेगा के एसपी एम अर्शी ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजा बिहार की ओर भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर, पुलिस और एनसीबी की संयुक्त टीम ने कोलेबिरा थाना क्षेत्र के छगरबंधा के पास एनएच 143 पर घेराबंदी की और हरियाणा नंबर की संदिग्ध ट्रक को रोका।
शातिर तरीके से छुपाया गया गांजा बरामद
ट्रक की गहन तलाशी में पाया गया कि तस्करों ने गांजे को ट्रक के भीतर बने गुप्त केबिन में 85 पैकेटों में छुपाया था। कुल 441 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे के साथ ही ट्रक चालक और तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें: छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेने निकले बोकारो DC, बेरमो के घाटों का किया निरीक्षण
चुनाव से पहले मादक पदार्थों की चेन तोड़ी
एनसीबी और सिमडेगा पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई चुनाव से पहले मादक पदार्थों की आपूर्ति रोकने के लिए महत्वपूर्ण है। अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इस खेप की कीमत यदि छोटे स्तर पर बेची जाती तो और भी अधिक होती।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।