Samachar Post डेस्क, रांची : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही अटकलों पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री पद पर कोई वैकेंसी नहीं है और नीतीश कुमार ही हमारे नेता हैं।
नीतीश के नेतृत्व में ही लड़ेगा एनडीए चुनाव
रविशंकर प्रसाद ने कहा, हमारी पूरी टीम नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रही है। बिहार के लोग जानते हैं कि नीतीश कुमार ने राज्य में विकास और सामाजिक सुधार के लिए लगातार काम किया है। उन्होंने आगे कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में बिहार में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसी योजनाओं पर ठोस कदम उठाए गए हैं, जिनका लाभ जनता को मिला है।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी वर्चुअल रूप से होंगे शामिल 47वें आसियान शिखर सम्मेलन में
लालू और तेजस्वी पर साधा निशाना
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव पर भी करारा हमला बोला। उन्होंने कहा, चारा घोटाले में लालू यादव को चार मामलों में सजा हो चुकी है, जबकि तेजस्वी यादव का ट्रायल 27 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि रेल मंत्री रहते लालू यादव ने पटना के दो रेलवे होटल और बेली रोड के पास 3.5 एकड़ जमीन एक प्राइवेट होटल को दी थी। उन्होंने कहा, न्यायालय ने इसे गंभीर भ्रष्टाचार माना है और यह मामला सीबीआई के अधीन न्यायिक प्रक्रिया में चल रहा है।
“भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं”
रविशंकर प्रसाद ने यह भी स्पष्ट किया कि यह पूरा मामला भाजपा सरकार से संबंधित नहीं है। यह मामला न तो भाजपा के शासनकाल का है और न ही हमने किसी पर आरोप लगाया है, न्यायालय और सीबीआई अपना काम कर रहे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।