Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची जिले के मुडामु गांव में दीपावली की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोमा उरांव के रूप में हुई है। घटना शनिवार देर रात लगभग 2 बजे हुई, जब गांव के अखाड़े में जुआ चल रहा था। पुलिस के अनुसार, एक अज्ञात युवक दोनों हाथों में पिस्टल लहराते हुए मौके पर पहुंचा और करीब से सोमा उरांव पर कई गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही सोमा की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य लोग दहशत में इधर-उधर भाग खड़े हुए।
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अशोक कुमार राम, सर्किल इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय, थाना प्रभारी सुजीत कुमार उरांव और फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार, सोमा उरांव पहले दो हत्या मामलों में जेल जा चुका था और एक साल पहले रिहा होकर गांव में रह रहा था। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार होंगे NDA के CM चेहरा, उपेंद्र कुशवाहा ने किया ऐलान
गांव में दहशत और सुरक्षा की चिंता
इस घटना के बाद मुडामु और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने अवैध जुआ, हथियारों की बढ़ती उपलब्धता और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता जताई। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने इलाके में गश्त तेज कर दी है और संभावित आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है। यह वारदात जुए और अवैध गतिविधियों के खतरनाक बढ़ते प्रभाव को लेकर प्रशासन के लिए एक गंभीर चुनौती बनकर सामने आई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।