Samachar Post रिपोर्टर,रांची: झारखंड की राजधानी रांची में एक शर्मनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने अपनी ही चचेरी बहन को मेला दिखाने के बहाने बुलाया और अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। 18 वर्षीय पीड़िता ने मंगलवार को तमाड़ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें :IG ने खुद को मारी गोली, रिश्वत का आरोप लगा था; 9 पन्नों का सुसाइड नोट मिला
घटना कैसे हुई
पीड़िता के अनुसार, उसके बड़े चाचा के बेटे ने 30 सितंबर की शाम मेला दिखाने के बहाने उसे बुलाया। जब वह मारधान मोड़ (रांची-टाटा रोड) पहुंची तो वहाँ मनोज पुरान नाम का युवक और उसके दो साथी पहले से मौजूद थे। मनोज ने पीड़िता के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे बाइक पर बैठाया और सोना टुंगरी रूगड़ी इलाके में ले गया। वहां अन्य युवक भी आ गए और चारों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने पीड़िता को कई घंटों तक वहीं रोके रखा और बाद में बुंडू होते हुए रांची में एक कमरे में बंद कर दिया। सुबह होते ही आरोपियों ने उसे वापस मारधान मोड़ पर लाकर छोड़ दिया और फरार हो गए। सदमे में डूबी पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता ने दो आरोपियों के नाम राहुल महतो और समीर महतो बताए हैं, जो तमाड़ थाना क्षेत्र के चिरूडीह गाँव के रहने वाले हैं। प्रवीण कुमार मोदी (थाना प्रभारी, तमाड़) ने बताया मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। सभी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और आरोपियों पर सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
Reporter | Samachar Post