Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची में छठ पूजा की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं, और जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। बुधवार को रांची DC मंजूनाथ भजंत्री और SSP राकेश रंजन ने शहर के कई प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। विशेष रूप से कांके डैम और राजभवन के समीप हटानिया तालाब का जायजा लिया गया।
उपायुक्त ने दिए दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान DC ने नगर निगम और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि, सभी घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, लाइटिंग, अस्थायी शौचालय और चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पूजा शुरू होने से पहले सभी घाटों की सफाई पूरी की जाए और जलभराव या गंदगी न रहे। DC ने कहा, छठ पूजा श्रद्धा, आस्था और स्वच्छता का प्रतीक है, इसलिए सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें: नामांकन रद्द होने के असली कारण, कानून क्या कहता है और कैसे बचें गलतियों से
एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया
SSP राकेश रंजन ने कहा कि महिला और बच्चों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और निगरानी व्यवस्था की जाएगी। सभी मुख्य घाटों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी और वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट व पार्किंग की व्यवस्था होगी। भीड़ पर निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल भी किया जाएगा।
सुरक्षित और सुव्यवस्थित पर्व सुनिश्चित करने का प्रयास
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में पूजा कर सकें। DC और SSP ने अधिकारियों से कहा कि सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं ताकि छठ महापर्व भव्य और सुरक्षित रूप से मनाया जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।