Samachar Post डेस्क, रांची :राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान के बीच आज एक अहम बैठक होने जा रही है। बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद यह एनडीए की पहली बड़ी मीटिंग होगी, जिसमें सभी घटक दल एक मंच पर जुटेंगे। राजनीतिक हलचल के बीच इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें :सीटों पर अटकी बिहार की सियासत: मुकेश सहनी ने डिप्टी CM की जताई इच्छा, चिराग ने रखी 35 सीटों की मांग
बैठक में कौन होंगे शामिल?
सूत्रों के अनुसार, इस रणनीतिक बैठक में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के शीर्ष नेता हिस्सा लेंगे। बैठक में सीट बंटवारे पर सहमति बनाने, उम्मीदवारों के चयन, क्षेत्रवार समन्वय और चुनावी प्रचार रणनीति पर चर्चा होगी।
सीट बंटवारे को लेकर मतभेद जारी
गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। विशेषकर चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) और जीतन राम मांझी की हम पार्टी के बीच तालमेल की कमी बनी हुई है। बीजेपी और जदयू के बीच प्रारंभिक बातचीत हो चुकी है, लेकिन लोजपा की सीटों को लेकर गतिरोध बरकरार है। इसी को सुलझाने के लिए बीजेपी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने हाल ही में चिराग पासवान से दिल्ली में मुलाकात की थी, हालांकि कोई ठोस नतीजा नहीं निकला।
क्या तय हो सकता है आज?
आज की बैठक से उम्मीद है कि एनडीए बिहार चुनाव के लिए अंतिम रणनीति और सीट बंटवारे को लेकर सहमति बना लेगा। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यह मुलाकात गठबंधन की एकता और चुनावी समीकरणों पर बड़ा असर डाल सकती है। बिहार की सियासत में इस बैठक पर सभी की नज़रें टिकी हैं। यदि सहमति बनती है, तो एनडीए के लिए यह चुनावी तैयारी में बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।
Reporter | Samachar Post