Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद: धनबाद जिले के जोगता थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक परिवार के तीन सदस्यों पति, पत्नी और उनकी मासूम बच्ची ने कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना सिजुआ 06/10 न्यू कॉलोनी की है, जहां परिवार कुछ दिन पहले ही किराए के मकान में रहने आया था।
यह भी पढ़ें :बिहार चुनाव: एनडीए की अहम बैठक आज, सीट बंटवारे और रणनीति पर होगी चर्चा
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय राजा अंसारी, उनकी 20 वर्षीय पत्नी अमीना खातून और 2 वर्षीय बेटी मायरा के रूप में की गई है। राजा दैनिक मजदूरी का काम करता था। परिवार पांच दिन पहले तेतुलमुड़ी दाऊद नगर बस्ती से यहां शिफ्ट हुआ था।
कैसे हुई घटना
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:15 बजे राजा मजदूरी से घर लौटा था। कुछ देर बाद लोगों ने घर के अंदर तीनों को अचेत अवस्था में देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को मृत पाया। जांच के दौरान पुलिस को घर से एक बर्तन में संदिग्ध घोल मिला, जिसे लैब जांच के लिए भेजा गया है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पारिवारिक कलह की आशंका
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राजा पहले अपने माता-पिता के साथ दाऊद नगर में रहता था। पारिवारिक विवाद के कारण कुछ दिन पहले ही वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ किराए के मकान में शिफ्ट हुआ था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
आगे की कार्रवाई
जोगता थाना प्रभारी ने बताया कि सभी एंगल से जांच की जा रही है। परिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
Reporter | Samachar Post