Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर बोकारो के उपायुक्त (DC) अजय नाथ झा ने बुधवार को बेरमो अनुमंडल के हिंदुस्तान पुल छठ घाट और करगली फिल्टर छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को घाटों की स्वच्छता, सुरक्षा और सजावट की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान DC ने कहा कि छठ पर्व नेम-निष्ठा, स्वच्छता और पवित्रता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिले। आपकी भक्ति और श्रद्धा में हमारी आस्था है, इसलिए प्रशासन पूरी तत्परता से काम करेगा। DC ने एसडीओ, बीडीओ और सीओ बेरमो को निर्देश दिया कि दोनों प्रमुख घाटों पर स्थायी छठ घाट निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष छठ पर्व से पहले स्थायी घाटों का निर्माण कर व्रतियों को स्थायी सुविधा दी जानी चाहिए।
सफाई, सुरक्षा और सजावट पर विशेष ध्यान
DC ने अधिकारियों को छठ घाटों पर सफाई, रोशनी, सुरक्षा और सजावट की पूरी तैयारी समय पर पूरी करने को कहा। उन्होंने घाटों पर वॉलंटियर्स की तैनाती, बैरिकेडिंग और उचित प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
जन-सहयोग से होगी तैयारियां भव्य
DC ने स्थानीय पब्लिक सेक्टर यूनिट्स (PSU), स्वयंसेवी संस्थाओं और पूजा समितियों से अपील की कि वे प्रशासन के साथ मिलकर छठ की तैयारियों में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयास से ही यह पर्व भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा।
यह भी पढ़ें: खेसारी लाल यादव को छपरा में युवाओं का भरपूर समर्थन, चुनाव से पहले बढ़ी लोकप्रियता
वॉलंटियर्स को मिलेंगे परिचय पत्र
उपायुक्त ने सभी PSU और पूजा समितियों को निर्देश दिया कि वे अपने वॉलंटियर्स को परिचय पत्र जारी करें। साथ ही उन्होंने SDO बेरमो को तेनुघाट डैम के अधिकारियों के साथ बैठक कर पानी छोड़ने वाले बिंदुओं की समीक्षा करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारी
निरीक्षण के दौरान SDO बेरमो मुकेश मछुआ, BDO मुकेश कुमार, CO संजीत कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, CCL करगली-ढोरी के प्रतिनिधि, और कई पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।