Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के आदित्यपुर से मानव तस्करी जैसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती को लोन दिलाने का झांसा देकर कुछ लोगों ने राजस्थान ले जाकर 1.20 लाख रुपये में बेच दिया। हैरानी की बात यह है कि जिस युवक ने उसे खरीदा, उसने बाद में उससे शादी कर ली और करीब 15 महीने तक अपने पास रखा।
मायके लौटी तो खुला राज
गुरुवार को युवती अपने पति के साथ मायके धीराजगंज लौटी, तब जाकर यह पूरा मामला सामने आया। गांव के लोग गुस्से में आ गए और मानव तस्करी के आरोप में उन दो लोगों को बंधक बना लिया, जो उसे राजस्थान ले गए थे। उनकी पहचान बास्को नगर की पद्मा तांती और शांति नगर के राम के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें : लातेहार में दरिंदगी: लिफ्ट देने के बहाने युवती से गैंगरेप, दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
पूर्व पार्षद का बड़ा आरोप
पूर्व पार्षद अभिजीत महतो ने कहा कि गांव से पहले भी कई युवतियां रहस्यमय तरीके से गायब हो चुकी हैं। उन्हें शक है कि इलाके में मानव तस्करी का संगठित गिरोह सक्रिय है।
पुलिस का बयान
इस मामले पर सरायकेला एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने बताया कि जांच की जा रही है। अब तक की जांच में मानव तस्करी का एंगल साफ नहीं हुआ है। युवती की शादी राजस्थान के सापड़ा मंदिर में कराई गई थी और पूछताछ के दौरान युवती ने भी कहा कि वह इस शादी से खुश है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।