Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर:दुर्गा पूजा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर जनता दल (यू) ने प्रशासन से विशेष कदम उठाने की मांग की है। बुधवार को पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपायुक्त से मिला और ज्ञापन सौंपा।
यह भी पढ़ें :स्वास्थ्य विभाग का टेंडर घोटाला! बाबूलाल मरांडी ने उठाए सवाल, उच्च स्तरीय जांच की मांग
जाम और अव्यवस्था पर चिंता
ज्ञापन में कहा गया कि पूजा के दिनों में साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई और मानगो जैसे प्रमुख बाजारों में लाखों लोग खरीदारी और पूजा सामग्री लेने आते हैं। इस वजह से रोज़ाना सड़कों पर जाम लग जाता है, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी होती है। JDU का आरोप है कि त्योहार के समय पुलिस द्वारा की जाने वाली हेलमेट और ट्रैफिक चेकिंग से जाम की समस्या और बढ़ जाती है। कई बार लोग घंटों फंसे रहते हैं, जिससे त्योहार का उत्साह कम हो जाता है।
खराब ट्रैफिक सिग्नल और हादसों का खतरा
पार्टी नेताओं ने बताया कि कई जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल खराब रहने से दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। मानगो पुल, डिमना रोड, गोलमुरी और बर्मामाइंस जैसे क्षेत्रों में सड़क हादसों की बढ़ती घटनाओं पर भी चिंता जताई गई।
JDU की प्रमुख मांगें
- विजयादशमी तक हेलमेट और ट्रैफिक चेकिंग अभियान रोका जाए।
- प्रमुख बाजारों और पुलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती हो।
- दिन के समय भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक लगे।
- बेतरतीब वाहन पार्किंग पर नियंत्रण किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेता
इस मौके पर कुलविंदर सिंह पन्नू, अजय कुमार, विकास साहनी, आकाश शाह, नीरज सिंह, राजेश कुमार, प्रेम सक्सेना, अमृता मिश्रा, विनोद सिंह, भारत पांडे, विजय सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। जदयू नेताओं का कहना है कि यदि प्रशासन इन मांगों को मान लेता है तो त्योहार के दिनों में आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
Reporter | Samachar Post