- पहले सीजन में झारखंड की संगीता सर्वाधिक 22 लाख में हुई थी दिल्ली की, इस बार रांची रॉयल्स ने किया है रीटेन
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2026 के पुरुष और महिला टीमों के लिए बुधवार को दिल्ली में मिनी ऑक्शन होगा। इस बार का ऑक्शन खास इसलिए है क्योंकि पहली बार रांची रॉयल्स की महिला टीम मैदान में उतरेगी और झारखंड की बेटियां इस टीम की शान बढ़ाती दिखेंगी। रांची रॉयल्स ने अब तक झारखंड की चार स्टार खिलाड़ियों डिफेंडर निक्की प्रधान, फॉरवर्ड संगीता कुमारी, ब्यूटी डूंगडूंग और दीपिका सोरेंग को रीटेन किया है। माना जा रहा है कि टीम इस बार बोली लगाकर भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे को भी अपने साथ जोड़ने की कोशिश करेगी। अगर सलीमा भी रांची रॉयल्स का हिस्सा बनती हैं तो झारखंड की पांचों स्टार खिलाड़ी एक साथ एक ही रणनीति और जर्सी में खेलती नजर आएंगी।
यह भी पढ़ें : रोहतास पुलिस ट्रेनिंग कैंप में हड़कंप : 60 से अधिक महिला जवान फूड प्वॉइजनिंग से बीमार, अस्पताल में भर्ती
घरेलू मैदान में खेलती दिख सकती है रांची रॉयल्स की टीम
विमेंस एचआईएल सीजन-2 के लिए वेन्यू के तौर पर सूची में अभी रांची को भी रखा गया है। यदि रांची के मैदान में मैच होती है तो रांची रॉयल्स घरेलू मैदान में खेलती दिखेगी। जिससे राज्य के दर्शकों को अपने सितारों को नजदीक से देखने और टीम का उत्साह बढ़ाने का सुनहरा मौका मिलेगा।
पिछले सीजन में भी चमकी थीं झारखंड की खिलाड़ी
विमेंस एचआईएल सीजन-1 में झारखंड से सर्वाधिक 22 लाख में संगीता कुमारी की बोली लगी थी। दिल्ली एसजी पाइपर्स ने संगीता को खरीदा था। जबकि सूरमा हॉकी क्लब ने 20 लाख में भारतीय कप्तान और सिमडेगा की सलीमा टेटे को अपनी टीम में शामिल किया था। बंगाल टाइगर्स ने ब्यूटी डुगडुंग को 12.5 लाख में और निक्की प्रधान को 12 लाख में सुरमा हॉकी क्लब ने खरीदा था। दीपिका सोरेंग को भी सुरमा हॉकी क्लब ने 2.2 लाख में अपनी टीम का हिस्सा बनाया था।
ऑक्शन से झारखंड की उम्मीदें
इस बार भी झारखंड से कई खिलाड़ियों के नाम ऑक्शन पूल में भेजे गए हैं। ऑक्शन के बाद यह तय होगा कि रांची रॉयल्स के अलावा राज्य की और कितनी बेटियों को एचआईएल की अन्य टीमों में जगह मिलती है। झारखंड के खेल प्रेमियों की निगाहें ऑक्शन पर टिकी हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।