Samachar Post रिपोर्टर, रांची : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद अरुण सिंह आज रांची पहुंचे। पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने झारखंड सरकार पर भ्रष्टाचार, घोटाले और नक्सलवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि राज्य में शराब घोटाला, बिजली घोटाला और अवैध खनन खुलेआम हो रहे हैं और माइनिंग माफिया सरकार के संरक्षण में करोड़ों कमा रहे हैं। सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन का पैसा जमीनी स्तर पर नजर नहीं आ रहा और रोजगार योजनाओं में धांधली हो रही है।
सूर्या हांसदा एनकाउंटर पर सवाल
अरुण सिंह ने सूर्या हांसदा एनकाउंटर के मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई। इसे उन्होंने “जंगलराज” की परिभाषा बताते हुए दावा किया कि राज्य की कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।
यह भी पढ़ें : 22 सितंबर से बदलेगा सालाना GSTR-9 फॉर्म, 2 करोड़ से अधिक कारोबार वालों के लिए अनिवार्य
भाजपा का नया अभियान
प्रेस वार्ता में अरुण सिंह ने घोषणा की कि भाजपा 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक पूरे देश में “स्वदेशी अपनाओ अभियान” चलाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का जिक्र करते हुए कहा कि विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार कर स्वदेशी उत्पाद अपनाने से भारत और मजबूत होगा।
GST 2.0 के फायदे गिनाए
अरुण सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई नई जीएसटी दरों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कई उपकरणों पर टैक्स घटा दिया गया है और अब छात्रों की कॉपी-किताबें भी सस्ती हो गई हैं। इसे उन्होंने जनता के लिए बड़ी राहत बताया।
सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप
सिंह ने झारखंड सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसी वजह से राज्य में ISIS जैसे संगठनों के कनेक्शन सामने आ रहे हैं और हाल ही में पकड़े गए दानिश जैसे आतंकी इसका प्रमाण हैं।
अरुण सिंह ने साफ किया कि भाजपा आने वाले दिनों में इन सभी मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।