Samachar Post रिपोर्टर, रांची : कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। पिपचो चौक के पास लगभग सुबह 5 बजे मवेशियों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायल हुए तीन युवक
इस दुर्घटना में गुरपा निवासी संजय भुइयां (28), रामावतार भुइयां (35) और पिपचो निवासी सुरेश भुइयां (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों युवक मरकच्चो से झुमरीतिलैया की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर तक जा गिरे।
यह भी पढ़ें : करमा पूजा 2025 : प्रकृति, प्रेम और समृद्धि का पर्व 3 सितंबर को
एक की हालत नाजुक
घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को बुलाया और घायलों को तत्काल कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान सुरेश भुइयां की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, संजय और रामावतार का इलाज फिलहाल कोडरमा सदर अस्पताल में जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एक पिकअप वाहन को पकड़कर जयनगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना पकड़े गए पिकअप वैन से हुई या किसी अन्य वाहन से।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।