Samachar Post, रांची : पुलिस ने मिनी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के जमुना नगर स्थित एक घर में पुलिस ने छापेमारी की। जहां से पुलिस ने अवैध विदेशी शराब पैक करते विनोद भगत नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गुरुवार देर रात कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गयी। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब, शराब की बोतले सहित अन्य सामान बरामद किये हैं।
- यह भी पढ़े : BPSC TRE 3 Exam : 200 से ज्यादा छात्रों को झारखंड पुलिस ने रोका, पेपर लीक की आशंका, सभी से हो रही पूछताछ
घर में मिनी शराब फैक्ट्री संचालित होने की मिली थी सूचना
जानकारी के अनुसार, डीएसपी प्रकाश सोए को सूचना मिली थी कि जमुना नगर स्थित एक घर में मिनी शराब फैक्ट्री संचालित हो रहा है। यहां से अवैध शराब पैक कर दूसरे जगह भेजा जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी की और अवैध विदेशी शराब पैक करते विनोद भगत नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।